Home News

बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर 67 प्रतिशत पर आया

23-Oct-2026 10:41 AM

बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर 67 प्रतिशत पर आया

नई दिल्ली। दक्षिण भारत में उत्तर पूर्व मानसून की सक्रियता जारी रहने के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घट रहा है क्योंकि देश के अन्य भागों में वर्षा का अभाव देखा जा रहा है। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू सप्ताह के दौरान देश के 178 प्रमुख बांधों-जलशयों में पानी का स्तर और भी घट गया। केवल एक संभाग मध्यवर्ती क्षेत्र के बांधों में जल स्तर 80 प्रतिशत से ऊंचा है। 

आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इन 178 बांधों-जलाशयों में फिलहाल 123.228 बिलियन क्यूबिक मीटर  (बीसीएम) पानी का स्टॉक बचा हुआ है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 184.762 बीसीएम का 67 प्रतिशत है। यह जल स्तर गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 26.5 प्रतिशत बिंदु और 10 वर्षीय औसत के मुकाबले 18.5 प्रतिशत बिंदु नीचे है। हालांकि दक्षिण भारत में हाल के दिनों में अच्छी वर्षा होने से जल स्तर में कुछ सुधार आने के संकेत मिले हैं लेकिन फिर भी यह फिलहाल चिंताजनक स्तर तक नीचे है। 

इसके तहत खासकर तमिलनाडु एवं आंध्र प्रदेश में पानी का स्टॉक काफी घट गया है। वहां बांधों-जलाशयों में कुल भंडारण क्षमता के सापेक्ष एक-तिहाई से भी कम पानी का स्टॉक बचा हुआ है जिससे फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने में संदेह है। दक्षिण भारत के सभी बांधों-जलाशयों में केवल 23.659 बीसीएम पानी का स्टॉक बचा हुआ है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 55.879 बीसीएम  का 42 प्रतिशत है। अब बारिश होने से जल स्तर में सुधार आने के आसार हैं।