बांधों-जलशयों में लगातार दसवें सप्ताह जल स्तर में गिरावट
10-Jan-2025 10:47 AM
नई दिल्ली । चालू माह के शुरुआती 9 दिनों के दौरान देश के 90 प्रतिशत जिलों में वर्षा नहीं या नगण्य होने के कारण 155 प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में लगातार दसवें सप्ताह पानी का स्तर घट गया।
केन्द्रीय जल आयोग के आंकड़ों से पता चलता है कि इन जलाशयों में 180.852 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) की कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले 127.921 बीसीएम या 71 प्रतिशत पानी का भंडार बचा हुआ है लेकिन फिर भी यह पिछले साल की समान अवधि तथा दसवर्षीय औसत के स्तर से ऊंचा है।
आयोग की रिपोर्ट के अनुसार 14 नवम्बर 2024 से ही जल स्तर में गिरावट का रुख देखा जा रहा है जो चिंता का विषय है।
चिंता की बात यह है कि पंजाब के एक मात्र जलाशय में भंडारण क्षमता के सापेक्ष केवल 20 प्रतिशत पानी का स्टॉक बचा हुआ है जबकि वहां गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी की जरूरत पड़ेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक देश के जिन 719 जिलों में मौसम से सम्बन्धित आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं उसमें से 89 प्रतिशत जिलों में बारिश बिल्कुल नहीं हुई, सात प्रतिशत में नगण्य वर्षा हुई जबकि तीन प्रतिशत में कम वर्षा दर्ज की गई। केवल 1 प्रतिशत जिला ऐसा रहा जहां सामान्य से ज्यादा बारिश हुई।
उत्तरी क्षेत्र के 11 जलाशयों में 19.836 बीसीएम की कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले केवल 42 प्रतिशत या 8.377 बीसीएम पानी का स्टॉक मौजूद है।
भंडारण क्षमता के सापेक्ष हिमाचल प्रदेश के जलाशयों में 35 प्रतिशत तथा राजस्थान के जलाशयों में 71 प्रतिशत पानी का स्टॉक उपलब्ध है।
