बादामगिरी में तेजी : मंदे की संभावना नहीं
13-May-2026 06:43 PM
नई दिल्ली। अमेरिका एवं ऑस्ट्रेलिया में बादाम उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम होने के अनुमानों एवं डॉलर की मजबूती के चलते हाल ही में बादामगिरी के भावों में 40/50 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है। अभी भी बाजार में धारणा तेजी की बनी हुई है। क्योंकि अप्रैल माह में बादाम का आयात भी कम हुआ है।
आयात कम
हाजिर में कमजोर मांग एवं कैलिफोर्निया में भाव बढ़ने के अलावा अप्रैल माह के दौरान आयातकों ने बादाम का आयात कम मात्रा में किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-2026 में बादाम का आयात 1000 कंटेनर का किया गया है जबकि गत वर्ष अप्रैल-2025 में आयात 1454 कंटेनर का किया गया था। उल्लेखनीय है कि जनवरी- 2026 में बादाम का आयात 1234 कंटेनर, फरवरी 1310 कंटेनर एवं मार्च- 2026 में 1241 कंटेनर का आयात व्यापार हुआ है।
कीमतों में तेजी
चालू माह के दौरान बादामगिरी में अच्छी तेजी दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल माह के अंत में दिल्ली बाजार में बादामगिरी का भाव 790/800 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा था जोकि वर्तमान में बढ़कर 850/860 रुपए प्रति किलो का हो गया है। सूत्रों का मानना है कि वर्तमान निर्यात को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि जल्द ही भाव 900 रुपए के आसपास बन जाएगा। गत वर्ष इसी समयावधि में दिल्ली बाजार में बादामगिरी का भाव 810/820 रुपए का चल रहा था।
