ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 1780 लाख टन पर स्थिर

16-Mar-2026 08:12 PM

रियो डी जेनेरो। दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील में 2025-26 सीजन के दौरान सोयाबीन का उत्पादन तेजी से उछलकर 1780 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है

जिससे उसे इसका निर्यात बढ़ाने में भी अच्छी सफलता हासिल हो सकती है। नई फसल की जोरदार कटाई अभी जारी है। 

उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां से लगभग 70 प्रतिशत सोयाबीन का निर्यात अकेले चीन को किया जाता है।

गत सप्ताह देश के उत्तरी एवं पूर्वी क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई जिससे सोयाबीन की पिछैती बिजाई वाली फसल को फायदा हुआ।

लेकिन रियो ग्रैंड डो सूल, उत्तरी पराना एवं साओ पाउलो प्रान्त में सूखे का माहौल बना हुआ है। इस क्षेत्रों में चालू सप्ताह के दौरान वर्षा होने की संभावना है।

ब्राजील में पिछले सप्ताह के अंत तक 51 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी पूरी हुई जो गत वर्ष की समान अवधि की कटाई 61 प्रतिशत से काफी पीछे थी।

सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- माटो ग्रोसो में 89 प्रतिशत से अधिक क्षेत्रफल में फसल काटी जा चुकी है। इसी तरह दूसरे सबसे बड़े उत्पादक राज्य- पराना में 55 प्रतिशत फसल की कटाई हो चुकी है।

रियो ग्रैंड डो सूल में सोयाबीन की बिजाई सबसे अंत में होती है। ब्राजील के सुदूर दक्षिणी भाग में स्थित यह राज्य तीसरा सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक प्रान्त माना जाता है।

वहां 67 प्रतिशत फसल में फूल और दाने लग रहे हैं। 11 प्रतिसहत फसल परिपक्व हो चुकी है, 18 प्रतिशत फसल वनस्पतिक अवस्था में है और 1 प्रतिशत से कम फसल की कटाई हुई है।