ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन 1710 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान
10-Jan-2025 11:56 AM
सोरिसो । बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने तथा मौसम की हालत अनुकूल रहने से चालू सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन तेजी से उछलकर 1710 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाते हुए एक अग्रणी विश्लेषक ने कहा है कि नियमित रूप से हो रही बारिश से देश के मध्यवर्ती एवं मध्य पूर्वी भाग में सोयाबीन की फसल को काफी फायदा हो रहा है।
लेकिन देश के दक्षिणी भाग और खासकर रियो ग्रैंड डो सूल प्रान्त में वर्षा अपेक्षाकृत कम हुई है। मौसम विभाग ने मध्यवर्ती राज्यों में वर्षा का दौर अभी जारी रहने की संभावना व्यक्त की है मगर दक्षिण में कम वर्षा होने का अनुमान लगाया है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है।
वहां माटो ग्रोसो, पराना तथा रियो ग्रैंड डो सूल इसके तीन अग्रणी उत्पादक राज्य हैं। रियो ग्रैंड के पश्चिमी एवं दक्षिण पश्चिमी भाग में वर्षा कम होने से सूखे का संकट पैदा हो गया है जबकि आमतौर पर वहां सोयाबीन की बिजाई सबसे अंत में होती है।
इसके अलावा पश्चिमी सांता कैटरीना तथा दक्षिण-पश्चिमी पराना में भी सूखे की आशंका बढ़ रही है। ब्राजील में लगभग 13 प्रतिशत सोयाबीन का उत्पादन रियो ग्रैंड डो सूल प्रान्त में होता है। माटो ग्रोसो एवं पराना में इससे काफी अधिक उत्पादन होता है।
देश के मध्यवर्ती एवं मध्य दक्षिणी भाग में जहां सिंचाई की अच्छी सुविधा मौजूद है वहां सोयाबीन की अगैती बिजाई वाली फसल की छिटपुट कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है।
अभी तक कुल बिजाई क्षेत्र के 1 प्रतिशत से भी कम भाग में फसल की कटाई हुई है। वर्षा पर आश्रित कुछ क्षेत्रों में अगले 10 दिनों के अंदर फसल की कटाई आरंभ होने की संभावना है।
