ब्राजील में गेहूं तथा मक्का के उत्पादन में बढ़ोत्तरी का अनुमान

07-Sep-2023 01:37 PM

रियो डी जेनेरो  । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित देश- ब्राजील में चालू वर्ष के दौरान गेहूं तथा मक्का के उत्पादन  में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।

संघीय सरकार की एजेंसी कोनाब की नई रिपोर्ट के अनुसार गेहूं का घरेलू उत्पादन पिछले साल के 105 लाख टन से सुधरकर इस बार 109 लाख टन पर पहुंचने की संभावना है जबकि विदेशों से इसका आयात भी 45 लाख टन से बढ़कर 50 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है।

दूसरी ओर देश से इसका निर्यात 2021-22 के सीजन में 102 लाख टन हुई थी जबकि 2022-23 के वर्तमान सीजन में बढ़कर 126 लाख टन पर पहुंचने की संभावना है।

उत्पादन एवं आयात में इजाफा होने के कारण गेहूं का बकाया अधिशेष स्टॉक 2021-22 सीजन के 6.82 लाख टन से बढ़कर 2022-23 के सीजन में 13 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है। 

जहां तक मक्का का सवाल है तो कोनाब ने इसका कुल घरेलू उत्पादन 2021-22 सीजन के 1299 लाख टन से बढ़कर 2022-23 के सीजन में 1318 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।

इसके तहत प्रथम या पूर्ण (ग्रीष्म कालीन) सीजन के दौरान मक्का का उत्पादन 250 लाख टन से बढ़कर 273 लाख टन तथा सफरीन्हा मक्का का उत्पादन 1001.80 लाख टन से बढ़कर 1021.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है जबकि शेष उत्पादन तीसरे या विशेष सीजन में होगा।

कोनाब ने 2022-23 सीजन के दौरान से मक्का का निर्यात उछलकर 500 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है जो 2021-22 सीजन के कुल शिपमेंट 466 लाख टन से 34 लाख टन ज्यादा है।

यदि यह अनुमान सच होता है तो अमरीका को पीछे छोड़कर ब्राजील दुनिया का सबसे प्रमुख मक्का निर्यातक देश बन जाएगा। शानदार निर्यात के बावजूद ब्राजील में मक्का का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर 122 लाख टन पर पहुंचने की संभावना है जो 2021-22 सीजन के बकाया स्टॉक 80 लाख टन से 42 लाख टन ज्यादा है। ब्राजील के समीक्षाधीन अवधि के दौरान मक्का की घरेलू खपत भी 745 लाख टन से बढ़कर 796 लाख टन पर पहुंचने की संभावना है। 

कोनाब ने ब्राजील में अनाजी फसलों एवं सोयाबीन का कुल संयुक्त उत्पादन 2021-22 सीजन के 2726 लाख टन से उछलकर 2022-23 में 3227 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।