ब्राजील में चीनी का उत्पादन 469 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान

30-Nov-2023 06:36 PM

साओ पाउलो । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील में सरकारी एजेंसी- कोनाब ने 2023-24 सीजन के दौरान चीनी का कुल उत्पादन उछलकर 469 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है जो अगस्त में लगाए गए अनुमान 409 लाख टन से 60 लाख टन ज्यादा है।

इसमें मध्य दक्षिणी क्षेत्र के साथ-साथ देश के उत्तरी एवं पूर्वोत्तर भाग में उत्पादित चीनी की मात्रा भी शामिल है। ब्राजील संसार में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां उत्पादन अनुमान में हुई बढ़ोत्तरी से चीनी का वैश्विक बाजार भाव कुछ नरम पड़ गया।

शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका की रिपोर्ट के अनुसार गत वर्ष के मुकाबले इस बार ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में नवम्बर के शुरूआती 15 दिनों के दौरान चीनी का उत्पादन 31 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 22.50 लाख टन पर पहुंच गया।

इसे मिलाकर वहां चालू मार्केटिंग सीजन में 15 नवम्बर 2023 तक कुल 394.12 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है जो पिछले सीजन से 30 प्रतिशत ज्यादा है। अब भी वहां गन्ना का विशाल स्टॉक मौजूद है जिसकी क्रशिंग आगे जारी रहेगी। 

उधर इंटरनेशनल शुगर ऑर्गेनाइजेशन (आईएसओ) ने 2023-24 सीजन के दौरान चीनी के वैश्विक उत्पादन एवं उपयोग के बीच अंतर क़ा अनुमान 21 लाख टन से घटाकर अब 3.35 लाख टन निर्धारित किया है जबकि चीनी का वैश्विक उत्पादन 1748 लाख टन से बढ़कर 1799 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है। 

ब्राजील के बंदरगाहों पर जगह की भारी कमी के कारण चीनी के निर्यात शिपमेंट में देर हो रही है। सितम्बर की तुलना में अक्टूबर के दौरान निर्यात करीब 10 प्रतिशत घट गया। 

थाईलैंड में चीनी का उत्पादन 2022-23 सीजन के मुकाबले 36 प्रतिशत घटकर 2023-24 के सीजन में 76 लाख टन पर सिमटने की संभावना है।

भारत की भांति थाईलैंड में भी अल नीनो मौसम चक्र के प्रकोप से गन्ना की फसल को भारी नुकसान हुआ है। इधर भारत में चीनी का उत्पादन 300 लाख टन से नीचे आने की संभावना है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में उत्पादन घटेगा।