बीज एवं कीटनाशी नियम को सख्त बनाए जाने की संभावना

20-Jun-2025 08:31 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि किसानों को अच्छी क्वालिटी बीज और मिलावट रहित कीटनाशकों का स्टॉक उचित दाम पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होना आवश्यक है। इसके लिए जरूरत पड़ने पर बीज एवं कीटनाशी रसायन से सम्बन्धित नियम कानून में संशोधन किया जा सकता है।

कृषि मंत्री के अनुसार किसानों द्वारा बार-बार घटिया बीज एवं नकली कीटनाशकों की शिकायतें की जाती है। विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान किसानों ने उस पर गंभीर चिंता जताई है।

उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्रालय ने कृषक समुदाय की समस्या एवं चिंता को जानने-समझने के लिए अखिल भारतीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण अभियान शुरू किया है जिसे विकसित कृषि संकल्प अभियान नाम दिया गया है। 

इस अभियान की शुरुआत 29 मई 2025 को उड़ीसा के पुरी (जगन्नाथपुरी) से हुई और 12 जून को गुजरात के बारडोली में इसका समापन हो गया।

इस अभियान के परिणाम के बारे में जानकारी देते हुए पिछले दिनों कृषि मंत्री ने कहा था कि यह अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त करने में काफी हद तक सफल रहा।

इसके तहत देश में 721 जिलों के 1.43 गांवों में 1.34 करोड़ किसानों से सीधा संवाद किया गया और उसकी कठिनाइयों तथा चुनौतियों को जानने समझने की कोशिश की गई।

जनजातीय, पिछड़े  एवं सीमावर्ती जिलों में 60,281 कार्यक्रम आयोजित किए गए जिससे वस्तु स्थिति की सटीक जानकारी हासिल करने में सहायता मिली।