भाव बढ़ते ही गुजरात की मंडियों में बढ़ी जीरा आवक

13-May-2024 06:50 PM

नई दिल्ली । विगत एक सप्ताह के दौरान जीरा की कीमतों में 15/20 रुपए किलो की तेजी आने के कारण गुजरात की मंडियों में जीरे की दैनिक आवक बढ़नी शुरू हो गई है। प्रमुख मंडी ऊंझा में आवक बढ़कर 30 हजार बोरी की हो गई है।

जबकि एक सप्ताह पूर्व 22/23 हजार बोरी की आवक चल रही थी। गोंडल मंडी में आवक 900 बोरी से बढ़कर 1800 बोरी एवं राजकोट 2000 बोरी से बढ़कर 5000 बोरी की हो गई है।

राजस्थान की मंडियों में आवक अभी तक नहीं बढ़ी है। सूत्रों का कहना है कि जीरे का भाव 350 रुपए से ऊपर बन जाने के पश्चात राजस्थान की मंडियों में आवक बढ़ेगी। वर्तमान में अच्छी क्वालिटी का भाव 300/310 रुपए बोला जा रहा है। 

वायदा के बढ़ते भाव एवं निर्यातकों की अच्छी मांग होने के कारण आज मंडियों में जीरे के भाव 1000/1500 रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ बोले गए है। सूत्रों का कहना है कि भाव घटने के कारण निर्यात मांग में वृद्धि हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मार्च-2024 के दौरान जीरे का निर्यात 33210 टन का रहा जबकि गत वर्ष मार्च-2023 के निर्यात 20148 टन का हुआ था। वायदा बाजार में आज मई माह का जीरा 1250 रुपए एवं जून का 1115 रुपए तेजी के साथ बंद हुआ है।