बेहतर घरेलू उत्पादन को देखते हुए इस्मा द्वारा 20 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति देने की मांग

07-May-2024 01:48 PM

नई दिल्ली । चीनी का घरेलू उत्पादन पूर्व अनुमान से बेहतर तथा मांग एवं जरूरत से अधिक होने से अब उद्योग सरकार से इसके निर्यात की स्वीकृति देने का अनुरोध कर रहा है।

चीनी उद्योग की शीर्ष संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने केन्द्र सरकार से 2023-24 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन हेतु 20 लाख टन चीनी के निर्यात की  मांगी है। इस्मा का कहना है कि इससे उद्योग की वित्तीय तरलता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

चालू मार्केटिंग सीजन में चीनी का घरेलू उत्पादन अप्रैल के अंत तक 314 लाख टन पर पहुंच चुका था जबकि मई में भी कुछ उत्पादन होगा और फिर जुलाई-अगस्त में कर्नाटक तथा तमिलनाडु में गन्ना क्रशिंग का विशेष सत्र आयोजित होगा।

इस तरह 5-6 लाख टन चीनी का अतिरिक्त उत्पादन होगा  जिससे चालू सीजन का कुल उत्पादन 320 लाख टन के आसपास पहुंच जाएगा। चीनी मिलों में गन्ना क्रशिंग धीमी पड़ गई है और अब क्रियाशील इकाइयों की संख्या काफी घट गई है। 

इस्मा के महानिदेशक का कहना है कि घरेलू मांग एवं जरुरत को पूरा करने के बाद उद्योग के पास चीनी का इतना स्टॉक बच जाएगा कि 20 लाख टन के निर्यात की अनुमति आसानी से दी जा सकती है।

इसके बाद भी अगले मार्केटिंग सीजन के आरंभिक तीन महीनों की खपत के लायक चीनी का स्टॉक उपलब्ध रहेगा।