भारतीय मसालों के आयात में बांग्ला देश रहा शीर्ष पर

01-Jul-2026 04:13 PM

कोच्चि। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारत से मसालों एवं मसाला उत्पादों के निर्यात में मात्रा तथा आय की दृष्टि से कमी आ गई क्योंकि चीन द्वारा लालमिर्च एवं जीरा का कम आयात किया गया। कुछ देशों में भारत से निर्यात में वृद्धि हुई। अमरीका में कालीमिर्च एवं हल्दी का निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा। बांग्ला देश में मसालों का निर्यात बढ़कर 3 लाख टन से ऊपर पहुंच गया। 

मसाला बोर्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि 2025-26 के वित्त वर्ष (अप्रैल-मार्च) में मसालों के निर्यात से सर्वाधिक आय अमरीका से प्राप्त हुई जबकि चीन एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) क्रमश: दूसरे एवं तीसरे नंबर पर रहे। दिलचस्प तथ्य यह है कि निर्यात आमदनी की दृष्टि से बांग्ला देश चौथे स्थान पर रहा जबकि वहां सबसे अधिक मात्रा में इसका निर्यात किया गया। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के दौरान भारत से बांग्ला देश को 3,05,401 टन, चीन को 2,43,971 टन, संयुक्त अरब अमीरात को 1,62,968 टन तथा अमरीका को 1,15,113 टन मसालों का निर्यात किया गया।

इसके अलावा इस अवधि में इंडोनेशिया को 81,468 टन, मलेशिया को 68,699 टन, थाईलैंड को 65,480 टन, इंग्लैंड को 35,138 टन तथा जर्मनी को 17,604 टन मसालों का शिपमेंट हुआ। उपरोक्त 10 देश भारतीय मसालों के सबसे बड़े खरीदार रहे। लेकिन कुछ देशों में ऊंचे मूल्य वाले तथा कुछ अन्य देशों में कम दाम वाले मसालों का अधिक निर्यात होने से आमदनी की दृष्टि से इसका क्रम बदल गया।