बांग्ला देश में 75 लाख गांठ रूई के आयात का उस्डा पोस्ट का अनुमान

06-Dec-2023 08:43 PM

ढाका । अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की विदेश कृषि सेवा के ढाका स्थित प्रतिनिधि कार्यालय (उस्डा पोस्ट) ने 2023-24 के मार्केटिंग सीजन के दौरान बांग्ला देश में रूई का आयात बढ़कर 75 लाख गांठ पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है जो 2022-23 सीजन के अनुमानित आयात 70.40 लाख गांठ से 4.60 लाख गांठ अधिक है।

उस्डा पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान बांग्ला देश में 46 हजार हेक्टेयर में कपास की खेती हुई और 734 किलो प्रति हेक्टेयर की औसत उपज दर के साथ इसका कुल उत्पादन 1.55 लाख गांठ ( 480 किलो की प्रत्येक गांठ) होने का अनुमान है।

रिपोर्ट के मुताबिक बांग्ला देश में 18.16 लाख गांठ के पिछले बकाया स्टॉक, 1.55 लाख गांठ के अनुमानित उत्पादन तथा 75 लाख गांठ के संभावित आयात के साथ 2023-24 सीजन में रूई की कुल उपलब्धता 94.71 लाख गांठ पर पहुंचने के आसार हैं जिसमें से 78 लाख गांठ का घरेलू उपयोग एवं 10 हजार गांठ का नुकसान होने की संभावना है। इसके बाद मार्केटिंग सीजन के अंत में 16.61 लाख गांठ रूई का अधिशेष स्टॉक बच सकता है। 

इसके सापेक्ष 2022-23 सीजन के दौरान वहां 23.33 लाख गांठ रूई का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद था जबकि 1.53 लाख गांठ के उत्पादन एवं 70.40 लाख गांठ के आयात के साथ इसकी कुल उपलब्धता 95.26 लाख गांठ पर पहुंची थी।

इसमें से 77 लाख गांठ का घरेलू उपयोग हुआ और 10 हजार गांठ की क्षति हो गई। इसके फलस्वरूप मार्केटिंग सीजन के अंत में वहां 18.16 लाख गांठ रूई का अधिशेष स्टॉक रह गया। बांग्ला देश में विदेशी मुद्रा का भंडार घटता जा रहा है।

कपास, यार्न तथा फैब्रिक का आयात कम होने के बावजूद 2022-23 के दौरान बांग्ला देश से रेडीमेड गारमेंट्स का निर्यात तेजी से बढ़कर 47.6 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इस बार वहां रूई का आयात कुछ बढ़ने के आसार हैं।