अत्यन्त शुष्क मौसम से मैक्सिको में खाद्यान्न का उत्पादन घटने की संभावना
14-May-2024 06:15 PM
मैक्सिको सिटी । अमरीका के पड़ोसी देश- मैक्सिको में शीतकालीन फसलों की जोरदार कटाई-तैयारी चल रही है मगर इसके उत्पादन का परिदृश्य संतोषजनक नहीं है। वहां मौसम की हालत अत्यन्त शुष्क होने से फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
इससे पूर्व बारिश की कमी के कारण मैक्सिको में गेहूं एवं मक्का का क्षेत्रफल घट गया था और फिर इसकी उपज दर में भी भारी गिरावट देखी जा रही है।
राष्ट्रीय जल प्राधिकरण (कोनागुआ) के अनुसार इस बार सूखे की भयंकरता काफी बढ़ गई और राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2011 के बाद से खतरनाक सूखे का माहौल देखा जा रहा है।
इससे न केवल फसलों की सिंचाई के लिए पानी का घोर अभाव महसूस किया गया बल्कि पेयजल का गंभीर संकट भी पैदा हो गया।
इस सूखे की वजह से अमरीका के साथ मैक्सिको का तनाव भी बढ़ गया है। 70 वर्षीय पुराने एक जल समझौते पर दोनों देशों में विवाद बढ़ रहा है।
मैक्सिको में अच्छी क्वालिटी के बड़े दाने वाले काबुली चना का उत्पादन होता है और वह अच्छी मात्रा में इसका निर्यात भी करता है। मैक्सिको में गेहूं का समूचा क्षेत्र सिंचित इलाकों में है।
नवम्बर से फरवरी के दौरान वहां इसकी बिजाई होती है और बेहतर विजन के लिए बांधों-जलाशयों से पानी की पर्याप्त निकासी की आवश्यकता पड़ती है।
लेकिन सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- सनोरा में जलाशयों में पानी का स्तर घटकर अत्यन्त निचले स्तर पर आ गया। इसी तरह दूसरे सबसे प्रमख उत्पादक प्रान्त गुआनाजुआतो में पानी की भारी कमी के चलते किसानों ने गेहूं का बिजाई क्षेत्र घटाने के लिए विवस होना पड़ा।
उस्डा पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 सीजन के दौरान मैक्सिको में करीब 5 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई हुई और 6.2 टन प्रति हेक्टेयर की औसत उपज दर के साथ इसका कुल उत्पादन 31 लाख टन होने की उम्मीद है। 2022-23 में वहां 36 लाख टन गेहूं का उत्पादन आंका गया था।
