अर्जेन्टीना में सोयाबीन की 92 प्रतिशत बिजाई पूरी
10-Jan-2025 06:12 PM
ब्यूनस आयर्स । लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में 92 प्रतिशत से अधिक लक्ष्यांकित क्षेत्र में सोयाबीन की बिजाई पूरी हो चुकी है लेकिन कई इलाकों में मौसम की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इससे फसल की प्रगति प्रभावित होने की आशंका है। पिछले सप्ताह के अंत में छिटपुट रूप से हल्की बारिश होने से पश्चिमी एवं दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्र में फसल को कुछ राहत मिली जबकि देश के अन्य अधिकांश इलाकों में सूखे का संकट बना हुआ है।
खेतों की मिटटी में नमी का अभाव होने से सोयाबीन के साथ-साथ मक्का की फसल पर भी खतरा बना हुआ है। हालांकि बिजाई क्षेत्र के आधार पर अर्जेन्टीना में 2024-25 सीजन के दौरान सोयाबीन का शानदार उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है लेकिन यदि मौसम एवं वर्षा की हालत अनुकूल नहीं रही तो उत्पादन अनुमान में आगे क्रमिक रूप से कटौती की जा सकती है।
मौसम विभाग ने चालू सप्ताह के साथ-साथ अगले सप्ताह भी अर्जेन्टीना के अधिकांश भागों में सीमित वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है जिससे किसानों की चिंता बढ़ने लगी है।
दिलचस्प तथ्य यह है कि जब तक बिजाई का जोरदार अभियान चल रहा था तब तक अर्जेन्टीना के विभिन्न इलाकों में अच्छी वर्षा हुई और मौसम भी अनुकूल बना रहा लेकिन अब किसानों का नसीब अधर में लटक गया है।
फिलहाल स्थिति ऐसी नहीं हुई है कि दोबारा बिजाई की आवश्यकता पड़े। लेकिन फसलों के तेजी से विकास-विस्तार के लिए जितनी बारिश होनी चाहिए उतनी वर्षा नहीं हो रही है और इसका समयांतराल भी काफी लम्बा देखा जा रहा है।
एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक ने फिलहाल अर्जेन्टीना में 2024-25 के वर्तमान सीजन में 530 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया है जिसमें आगे कुछ कटौती की जा सकती है।
अगैती बिजाई वाले इलाकों में सोयाबीन के पौधों में फूल लगने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है लेकिन अन्य अधिकांश क्षेत्र में फसल अभी वनस्पतिक चरण में ही है, आमतौर पर अर्जेन्टीना में मार्च से सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी शुरू होती है।
