अमरीका में मटर का उत्पादन 6 प्रतिशत घटा
11-Jan-2025 10:59 AM
वाशिंगटन । हालांकि वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के दौरान अमरीका में मटर का बिजाई क्षेत्र कुछ अधिक रहा जिससे उत्पादन बढ़ने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन कुछ क्षेत्रों में मौसम की हालत प्रतिकूल रहने से फसल कमजोर या खराब हो गई। लगभग 35 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसल इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कि उसकी कटाई-तैयारी संभव नहीं हो सकी।
अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 के दौरान अमरीका में मटर का कुल उत्पादन घटकर 167 लाख सी डब्ल्यू टी (100 पौंड की इकाई) या 7,56,554 टन पर अटक गया जो वर्ष 2023 के उत्पादन से 6 प्रतिशत कम रहा।
उस्डा के मुताबिक यद्यपि प्रमुख उत्पादक प्रांतों में मटर का बिजाई क्षेत्र वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के दौरान 4 प्रतिशत बढ़कर 9.76 लाख एकड़ पर पहुंच गया मगर इसकी वास्तविक कटाई का रकबा 0.39 लाख एकड़ तक ही पहुंच सका। फिर भी यह गत वर्ष से 2 प्रतिशत अधिक रहा। असली समस्या उपज दर के साथ रही।
राष्ट्रीय स्तर पर खाद्य श्रेणी की सूखी मटर की औसत उपज दर घटकर वर्ष 2024 में 1775 पौंड प्रति एकड़ रह जाने का अनुमान लगाया गया है जो 2023 की तुलना में 149 पौंड प्रति एकड़ कम है। इसके आधार पर ही उत्पादन का अनुमानित आंकड़ा निर्धारित किया गया है।
कई क्षेत्रों में मौसम की प्रतिकूल स्थिति से फसल को हुए नुकसान के बावजूद इस उत्पादन अनुमान को काफी हद तक संतोषजनक माना जा रहा है। वर्ष 2025 के लिए वहां मटर की बिजाई अप्रैल-मई में शुरू होने वाली है।
