अमरीका में मक्का एवं सोयाबीन की सामान्य बिजाई जारी
08-May-2024 02:15 PM
डेस मोईन्स । अमरीका में 2024 की फसल के लिए मक्का एवं सोयाबीन की बिजाई पहले ही आरंभ हो चुकी है और अब धीरे-धीरे इसकी रफ्तार बढ़ती जा रही है।
अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) के अनुसार 5 मई तक वहां 36 प्रतिशत क्षेत्र में मक्का की बिजाई हो चुकी थी जो गत वर्ष 42 प्रतिशत पर पहुंची थी। 12 प्रतिशत क्षेत्र में पौधे जमीन से बाहर आ चुके हैं।
पिछले साल के मुकाबले इस बार मक्का की बिजाई की गति कुछ धीमी चल रही है। यद्यपि पूर्वी मक्का पट्टी में बिजाई की रफ्तार तेज हुई है लेकिन पश्चिमी पट्टी में धीमी है।
अमरीका में मक्का की बिजाई आयोबा में 47 प्रतिशत, इलिनोइस में 32 प्रतिशत, मिनीसोटा में 42 प्रतिशत, नेब्रास्का में 31 प्रतिशत, इंडियाना में 20 प्रतिशत तथा दक्षिणी डकोटा प्रान्त में 18 प्रतिशत पूरी हो चुकी है।
चालू सप्ताह के दौरान अमरीका के मिडवेस्ट क्षेत्र में आंधी-तूफान आने की संभावना व्यक्त की गई है जिससे 10 मई तक वहां मक्का का बिजाई क्षेत्र 50 प्रतिशत तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है जबकि आमतौर पर ऐसा होता रहा है।
जहां तक सोयाबीन का सवाल है तो इसकी बिजाई 25 प्रतिशत क्षेत्र में होने की खबर है जो गत वर्ष के 30 प्रतिशत से कुछ पीछे है। अभी तक सोयाबीन के 9 प्रतिशत क्षेत्र में बीज में अंकुरण हो चुका है।
आमतौर पर मक्का की तुलना में सोयाबीन की बिजाई अधिक तेल गति से होती है। इस बार पश्चिमी भाग की तुलना में पूर्वी पट्टी में सोयाबीन की बिजाई में अच्छी प्रगति हुई है।
सोयाबीन के प्रमुख उत्पादक राज्यों में आयोबा, ओहियो, इंडियाना, इलिनोइस, मिनीसोटा एवं नेब्रास्का शामिल है जहां 18 से 31 प्रतिशत क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल की बिजाई पूरी होने की सूचना है।
