अमरीका में करीब 4.11 लाख टन मसूर का शानदार उत्पादन
11-Jan-2025 12:11 PM
लास वेगास । अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की नई रिपोर्ट के अनुसार मसूर का घरेलू उत्पादन 2023 की तुलना में 2024 के दौरान 64 प्रतिशत उछलकर 90.50 लाख सी डब्ल्यू टी (100 पौंड की इकाई) या 4,10,640 टन पर पहुंच गया।
इसके बिजाई क्षेत्र में 78 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई थी और कुल रकबा 9.36 लाख एकड़ पर पहुंच गया था। फसल की वास्तविक कटाई-तैयारी का क्षेत्रफल 9.03 लाख एकड़ रहा जो वर्ष 2023 से 79 प्रतिशत ज्यादा था। इसका मतलब यह हुआ कि पिछले साल की तुलना में 2024 के दौरान मसूर की फसल को कम नुकसान हुआ।
लेकिन मसूर की औसत उपज दर घटकर 1002 पौंड प्रति एकड़ पर सिमट जाने का अनुमान लगाया गया है जो वर्ष 2023 के मुकाबले 87 पौंड प्रति एकड़ नीचे है। अमरीका में मसूर के प्रमुख उत्पादक राज्यों में इडाहो, मोंटाना, उत्तरी डकोटा एवं वाशिंगटन शामिल है।
उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका में चना (काबुली सहित) का उत्पादन भी 2023 के मुकाबले 2024 में 23 प्रतिशत बढ़कर 2,58,232 टन या 56.30 लाख सी डब्ल्यू टी (100 पौंड की इकाई) पर पहुंच गया।
कैलिफोर्निया, इडाहो, वाशिंगटन, मोंटाना तथा उत्तरी डकोटा इसके प्रमुख उत्पादक प्रान्त हैं। वहां चना का बिजाई क्षेत्र 38 प्रतिशत बढ़कर 5.02 लाख एकड़ पर पहुंचा था
जिसमें से 4,92,400 एकड़ क्षेत्र में फसल की कटाई संभव हो सकी लेकिन इसकी औसत उपज दर 149 पौंड घटकर 1144 पौंड प्रति एकड़ रह जाने से उत्पादन में कम बढ़ोत्तरी हुई।
