Home News

अगस्त के अंत तक अनाज से निर्मित 6.24 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति

14-Sep-2026 04:07 PM

अगस्त के अंत तक अनाज से निर्मित 6.24 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति

नई दिल्ली। ऑल इंडिया डिस्टीलर्स एसोसिएशन का कहना है कि 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के दौरान तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को अनाज से निर्मित 6.24 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति की गई जो उसे हुई कुल आपूर्ति का लगभग 70 प्रतिशत है। उल्लेखनीय है कि नवम्बर 2025 से अगस्त 2026 के दौरान ओएमसी को कुल मिलाकर करीब 8.95 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति हुई।

डिस्टीलर्स द्वारा पूरे 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के लिए 10.48 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति का करार किया गया है जिसमें गन्ना अवयवों से निर्मित एथनॉल भी शामिल है। कुल अनुबंधित मात्रा के लगभग 85 प्रतिशत एथनॉल की आपूर्ति की जा चुकी है जबकि शेष 15 प्रतिशत भाग की आपूर्ति सितम्बर एवं अक्टूबर के दो महीनों में की जाएगी। 

अनाज से निर्मित एथनॉल में मक्का का योगदान सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। मक्का से निर्मित करीब 3.45 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति हुई। इसके बाद भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिशेष चावल से निर्मित 2.14 अरब लीटर तथा क्षतिग्रस्त खाद्यान्न से निर्मित 64 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति की गई। उल्लेखनीय है कि चालू मार्केटिंग सीजन के लिए कुल 7.60 अरब लीटर एथनॉल की आपूर्ति अनाज आधारित डिस्टीलर्स को करनी है जिसमें से 6.24 अरब लीटर की सप्लाई हो चुकी है। 

जहां तक गन्ना अवयवों से निर्मित एथनॉल की बात है तो इसकी कुल आपूर्ति 2.71 अरब  लीटर की हुई है जबकि इसके लिए कुल 2.89 अरब लीटर का कोटा आवंटित हुआ था। इसके तहत गन्ना जूस से निर्मित 1.49 अरब लीटर, बी-हैवी शीरा से निर्मित 1.07 अरब लीटर और सी-हैवी शीरा से उत्पादित 15 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति शामिल थी। अगले मार्केटिंग सीजन में गन्ना अवयवों से निर्मित एथनॉल की आपूर्ति के कोटे में कुछ कटौती होने की संभावना है क्योंकि सरकार चीनी का उत्पादन बढ़ाना चाहती है।