मसूर बाजार में दबाव, कमजोर मिल मांग और बढ़ते वैश्विक उत्पादन अनुमान से भाव नरम
बिकवाली बढ़ने और दाल मिलों की मांग कमजोर पड़ने से चालू सप्ताह के दौरान मसूर की कीमतों में गिरावट का रुख रहा। घरेलू बाजार में मांग कमजोर रहने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में मसूर के उत्पादन अनुमान बढ़ने से कीमतों पर दबाव बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के साथ कनाडा में भी उत्पादन की बेहतर संभावनाओं से वैश्विक आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया में 2026-27 (अप्रैल-मार्च) के दौरान मसूर उत्पादन करीब 5 प्रतिशत बढ़कर 2.25 मिलियन टन रहने का अनुमान है। सितंबर में उत्पादन अनुमान 2.21 मिलियन टन था, जबकि जून में भी अनुमान 2.21 मिलियन टन ही था। उत्पादन अनुमान में बढ़ोतरी से अंतरराष्ट्रीय बाजार में मसूर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, घरेलू बाजार में मसूर की उपलब्धता पूरी तरह आरामदायक नहीं है। उत्पादक मंडियों में देशी मसूर की आवक फिलहाल सीमित मात्रा में हो रही है और बाजार में इसका बकाया स्टॉक भी कम माना जा रहा है। इससे घरेलू बाजार में कीमतों को एक स्तर पर समर्थन मिल रहा है। दूसरी ओर, केंद्रीय पूल में मसूर का स्टॉक अपेक्षाकृत अधिक है। साथ ही, मसूर का आयात सामान्य गति से जारी रहने की संभावना है। इससे घरेलू बाजार में आपूर्ति बनी रहने की उम्मीद है और निकट अवधि में उपलब्धता का संकट बनने की संभावना कम है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में मसूर दाल की मांग में सुधार की उम्मीद है। त्योहारी मांग बढ़ने पर दाल मिलों की खरीद में भी सुधार हो सकता है, जिससे घरेलू बाजार को कुछ समर्थन मिल सकता है। आयातकों की बिकवाली का दबाव बढ़ने व मांग सिमित होने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मसूर की कीमतों में 25/50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी और इस नरमी के साथ भाव मुंद्रा जहाज 5925/6025 रुपए हजीरा 6075 रुपए व कंटेनर मुंबई कनाडा 6500 रुपए व ऑस्टेलिया 6400 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।
दिल्ली:
दाल मिलर्स की लिवाली कमजोर पड़ने से इस सप्ताह दिल्ली छोटी मसूर में 175/200 रुपए देसी बड़ी मसूर में 75 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और सप्ताहांत में भाव में छोटी कोटा 7450 रुपए, बूंदी 8300 रुपए, उत्तर प्रदेश 8700/8750 रुपए तथा देसी बड़ी 6750/6800 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।
मध्य प्रदेश:
लिवाली सुस्त बनी रहने से मध्य प्रदेश में मसूर के भाव में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरवाट रही। और सप्ताहांत में भाव अशोकनगर 5800/6200 रुपए, बीना 6100/6400 रुपए, गंजबासौदा 6000/6350 रुपए, सागर 6000/6300 रुपए, दमोह 6000/6400 रुपए, इंदौर 6100 रुपए, करेली 5800/6815 रुपए तथा कटनी 6600 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
उत्तर प्रदेश:
लिवाली सुस्त रहने से उत्तर प्रदेश में इस सप्ताह छोटी मसूर के भाव में 300 रुपए व बड़ी मसूर में 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और सप्ताहांत में भाव बरेली छोटी 9800 रुपए, मोटी 6750/6775 रुपए, ललितपुर मोटी 5800/6150 रुपए, छोटी 8500/9000 रुपए तथा उरई 5900/6300 रुपए प्रति क्विंटल रहे।
अन्य मंडियां:
मांग सुस्त रहने से बिहार मसूर के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। सप्ताहांत में बाढ़ 7100 रुपए, खुशरूपुर 7000 रुपए तथा मोकामा 7100 रुपए प्रति क्विंटल रहे। वहीं, रायपुर मसूर में 50 रुपए की नरमी दर्ज की गई और भाव 6500 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
मसूर दाल:
ग्राहकी सुस्त रहने से चालू सप्ताह के दौरान मसूर दाल के भाव में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। सप्ताहांत में इंदौर 7100/7250 रुपए, बाढ़ 7900/8100 रुपए, खुशरूपुर 7800/8000 रुपए, मोकामा 7900/8100 रुपए, चंदौसी 8700 रुपए तथा हैदराबाद 7550 रुपए प्रति क्विंटल रहे।