अगले साल से राष्ट्रीय स्तर पर डिजीटल फसल सर्वेक्षण शुरू होने की उम्मीद
14-Jan-2025 12:54 PM
नई दिल्ली । विभिन्न कृषि फसलों के बिजाई क्षेत्र में होने वाली वृद्धि का आंकलन करने तथा बेहतर ढंग से उत्पादन का अग्रिम अनुमान लगाने के उद्देश्य से सरकार समूचे देश में डिजीटल तरीके से फसलों का सर्वेक्षण करवाने का प्लान बना रही है और अगले साल यानी वर्ष 2026 से इस पर अमल शुरू हो जाने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2817 करोड़ रुपए की धनराशि के साथ डिजीटल एग्री कल्चर मिशन का शुभारम्भ किया है और इसके अंतर्गत शुरू किए गए विभिन्न डिजीटल तरीकों (एप्लीकेशन) के माध्यम से फसलों का आंकलन-सर्वेक्षण किया जाएगा।
क्रमिक रूप से यह नया सिस्टम अब तक प्रचलित मैन्युअल पटवारी-गिरदावरी प्रक्रिया को स्थानांतरित कर देगा और फसलों के बिजाई क्षेत्र तथा सावधिक उपज दर का अनुमान लगाने में ज्यादा कारगर साबित होगा।
जो भी आंकड़े अभी तक कागजी दस्तावेजों में दर्ज होते हैं उन्हें आगामी समय में डिजीटल तौर पर रखा जाएगा। इससे लम्बे समय तक आंकड़ों को सुरक्षित रखने और उसके आधार पर आगे का अनुमान लगाने में सहायता मिलेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चालू वित्त वर्ष के दौरान देश के 436 जिलों में खरीफ फसलों का उत्पादन सर्वे किया जा चुका है और उत्पादन का ऊंचा अनुमान आगे सटीक भविष्यवाणी में सहायक बनेगा।
इससे सरकार को आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए विभिन्न उपायों को लागू करने में आसानी होगी और खाद्य महंगाई को नियंत्रित करना संभव हो सकेगा।
