अच्छी क्वालिटी के माल की बेहतर मांग से काबुली चना का भाव मजबूत

30-Apr-2026 08:35 PM

वैंकुवर। प्रमुख आयातक देशों में अच्छी क्वालिटी एवं बड़े दाने वाले काबुली चना की मांग बेहतर होने से उत्तरी अमरीका महाद्वीप के तीन प्रमुख उत्पादक देशों- कनाडा, मैक्सिको एवं संयुक्त राज्य अमरीका (यूएसए) में इसका भाव लम्बे समय से मजबूत बना हुआ है। नंबर 2 ग्रेड के काबुली चना का दाम सुधरकर 27 सेंट प्रति पौंड (एलबी) पर पहुंच गया है जबकि इसकी अगली नई फसल का अनुबंध 25 सेंट प्रति पौंड के मुख्य स्तर पर हो रहा है। 

दूसरी ओर भारतीय बाजार में खरीद- बिक्री की गति धीमी रहने से काबुली चना का भाव कमजोर या स्थिर देखा जा रहा है। हालांकि देश में इसका अत्यन्त विशाल स्टॉक मौजूद नहीं है जो उत्पादकों के लिए भारस्वरूप साबित हो मगर खपत का पीक सीजन नहीं होने से कारोबार कुछ सुस्त पड़ गया है।

पश्चिमी कनाडा में किसानों के पास हल्की क्वालिटी के काबुली चना का अच्छा खासा स्टॉक उपलब्ध है जिससे फीड मार्केट पर आपूर्ति का दबाव पड़ रहा है। पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले चने का दाम घटकर 9-10 सेंट प्रति पौंड पर आ गया है।

उधर अमरीका में काबुली चना का बिजाई क्षेत्र 7 प्रतिशत घटकर 4.99 लाख एकड़ पर सिमटने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहां उच्च क्वालिटी के माल की सीमित उपलब्धता के कारण कीमतों को अच्छा समर्थन मिल रहा है।