आवक और कारोबार सीमित होने से धान-चावल के दाम में मिश्रित रूख
20-Apr-2024 07:49 PM
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों में धान की आपूर्ति कम हो रही है क्योंकि इसका लीन या ऑफ सीजन चल रहा है। बासमती चावल की निर्यात मांग भी कुछ कमजोर पड़ गई है क्योंकि रमजान पर्व के बाद पश्चिम एशिया एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों में इसकी जोरदार मांग निकलने में कुछ समय लग सकता है। समझा जाता है कि ईरान-इराक में बासमती चावल का अच्छा स्टॉक अभी मौजूद है मगर सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, क़तर, जॉर्डन, ओमान तथा संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में इसकी मांग जल्दी ही बढ़ सकती है। यदि ईरान तथा इजरायल के बीच घमासान युद्ध की आशंका बनी तो भारतीय बासमती चावल का निर्यात प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है।
छत्तीसगढ़
इधर घरेलू प्रभाग में 11-17 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान धान-चावल के दाम में काफी हद तक स्थिरता या सीमित तेजी-मंदी देखी गई। नरेला मंडी में 1718 धान का भाव 120 रुपए बढ़कर 3925 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। मंडी में 52 हजार बोरी से अधिक धान की दैनिक आवक हुई। यूपी के एटा में ताज तथा 1718 नम्बर के धान की कीमत में 100-100 रुपए की गिरावट रही। छत्तीसगढ़ की राजिम मंडी में महामाया धान का दाम 120 रुपए घटकर 2730 रुपए रह गया लेकिन राजस्थान के बूंदी में 1509 धान का भाव 100 रुपए बढ़कर 3300/3400 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। डबरा में 1718 का मूल्य 150 रुपए नीचे गिर गया। अलीगढ़ में सुगंधा का दाम 150 रुपए नरम रहा।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो इसके दाम में भी प्राय: नरमी ही रही। भाटापाड़ा में श्रीराम चावल का दाम 100 नरम रहा। कर्नाटक के रायचूर में चावल की कीमतों में 50 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह पंजाब के अमृतसर में 1121 सेला चावल के दाम में 100 रुपए, 1509 सेला तथा स्टीम के भाव में 150-150 रुपए, शरबती कच्चे चावल में 200 रुपए तथा शरबती सेला चावल के दाम में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। राजिम मंडी में भी विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल की कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी रही।
उत्तराखंड
उत्तराखंड की नगर मंडी में शरबती सेला की कीमत 200 रुपए नीचे आई जबकि अन्य अधिकांश किस्मों के चावल के दाम में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। राजस्थान के बूंदी में सुगंधा चावल का भाव 175 रुपए गिरकर 5175 रुपए प्रति क्विंटल, 1509 चावल का मूल्य 250 रुपए घटकर 6500 रूपये प्रति क्विंटल तथा 1718 सेला चावल का दाम 300-300 रुपए घटकर क्रमश: 7150 रुपए प्रति क्विंटल और 6400 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। अन्य किस्मों के चावल में भी 100-200 रुपए भी नरमी रही।
