आंध्र प्रदेश में नए अजवायन की आवक शुरू : उत्पादन कम

23-Jan-2024 07:24 PM

नई दिल्ली । अजवायन के प्रमुख उत्पादक राज्य आंध्र प्रदेश में नए अजवायन की आवक का आज शुभारम्भ हुआ है। कर्नूल मंडी में 800/850 बोरी नए अजवायन की आवक हुई और भाव 15000/20000 रुपए प्रति क्विंटल बोला गया।

व्यापारियों का कहना है कि गत दिनों हुई बेमौसमी बारिश से आंध्र प्रदेश में उत्पादन घटने के अलावा क्वालिटी भी प्रभावित हुई है। आज नए मालों की क्वालिटी हल्की आई है।

अनुमान व्यक्त किया जा रहा है कि इस वर्ष आंध्र प्रदेश में अजवायन का उत्पादन लगभग सवा लाख बोरी के आसपास रहेगा जबकि गत वर्ष उत्पादन ढाई लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 50 किलो) का रहा था।

उल्लेखनीय है कि गुजरात एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में नए अजवायन की आवक हो रही है लेकिन इन राज्यों में भी इस वर्ष अजवायन का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम माना जा रहा है।