उत्पादकों एवं निर्यातकों को मसालों की क्वालिटी पर ध्यान देने का सुझाव

20-Apr-2026 04:52 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री ने आयातक देशों में भारतीय मसालों की कुछ खेपों को नामंजूर करने की घटना को दुखद बताते हुए कहा है कि उत्पादकों, प्रोसेसिंग इकाइयों तथा निर्यातकों को साबुत मसालों के साथ-साथ मूल्य संवर्धित मसाला उत्पादों की क्वालिटी पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

उनका कहना था कि उच्च क्वालिटी की निरंतरता वैश्विक ब्रांड बनाने के लिए आवश्यक है। गुणवत्ता मानकों के लिए दबाव बढ़ रहा है और इसकी सख्त आवश्यकता भी है। 

भारत दुनिया में मसालों का सबसे प्रमुख उत्पादक, निर्यातक एवं उपभोक्ता देश है। वैश्विक बाजार के बदलते परिदृश्य के अनुरूप भारत को भी अपनी रणनीति में बदलाव लाना होगा।

कुछ मसालों के लिए भारत को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में न केवल अन्य आपूर्तिकर्ता देशों की सख्त चुनौती एवं कठिन प्रतिस्पर्धा का सामना करना होता है। क्वालिटी में सुधार के लिए उच्च तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने तथा फसलों में प्रतिबंधित या हानिकारक कीटनाशी रसायनों का उपयोग बंद करने की जरुरत है।