Home News

दलहनों के रकबे में 2.36 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी

26-Sep-2026 11:41 AM

दलहनों के रकबे में 2.36 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी

नई दिल्ली। मूंग का रकबा 1.28 लाख हेक्टेयर घटने के बावजूद उड़द तथा अरहर (तुवर) की अच्छी बिजाई होने के कारण खरीफ कालीन दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर इस बार 120.62 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 118.26 लाख हेक्टेयर से 2.36 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। दलहनों की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में मौजूदा खरीफ सीजन के दौरान 25 सितम्बर 2026 तक अरहर (तुवर) का बिजाई क्षेत्र 45.95 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 47.25 लाख हेक्टेयर, मोठ का रकबा 9.20 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 9.25 लाख हेक्टेयर तथा उड़द का उत्पादन क्षेत्र 23.20 लाख हेक्टेयर से 2.87 लाख हेक्टेयर उछलकर 26.07 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। दूसरी ओर मूंग का बिजाई क्षेत्र इसी अवधि में 34.74 लाख हेक्टेयर से घटकर 33.46 लाख हेक्टेयर तथा अन्य दलहनों का क्षेत्रफल 4.44 लाख हेक्टेयर से गिरकर 3.94 लाख हेक्टेयर रह गया। 

कुल मिलाकर खरीफ कालीन दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र संतोषजनक है लेकिन कई क्षेत्रों में मौसम एवं मानसून की हालत खासकर तुवर की फसल के लिए पूरी तरह अनुकूल नहीं है। इससे खरीफ सीजन के इस सर्वाधिक महत्वपूर्ण दलहन का उत्पादन कमजोर रहने की आशंका है। उड़द की फसल काफी हद तक सामान्य स्थिति में बताई जा रही है लेकिन मूंग की फसल को कहीं-कहीं खतरा बना हुआ है। राजस्थान में मोठ का उत्पादन बेहतर होने के आसार हैं। नई फसल की आवक कहीं-कहीं शुरू हो चुकी है।