Home News
21-Nov-2026 10:41 AM
त्यौहारी मांग समाप्त होने, विदेशों से नियमित रूप से आयात जारी रहने, सरकारी गोदामों में भारी-भरकम स्टॉक मौजूद रहने तथा खरीफ कालीन फसल की आवक होने के बावजूद घरेलू प्रभाग में विभिन्न दाल-दलहनों की कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। तुवर, चना, उड़द एवं मसूर आदि की कीमतों में वृद्धि हुई है। उसके तीन प्रमुख कारण माने जा सकते हैं।
पहली बात तो यह है कि बेशक केन्द्र सरकार के पास 9.70 लाख टन तुवर का भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है मगर उसे खुले बाजार में उतारने की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है। दूसरी बात यह है कि त्यौहारी सीजन समाप्त होने के बाद अब लग्नसरा एवं मांगलिक उत्सवों का सीजन आरंभ हो गया है जिससे दाल-दलहन की मांग एवं खपत बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
इसके अलावा खराब मौसम एवं कमजोर मानसून के आने की आशंका है जिसका मनोवैज्ञानिक असर घरेलू बाजार पर स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है। आगे कीमतों में और तेजी आने की उम्मीद से बड़े-बड़े उत्पादकों एवं स्टॉकिस्टों में दलहनों का स्टॉक दबाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। विदेशों से भी तेजी के समाचार मिलने लगे हैं क्योंकि निर्यातक देशों को पता चल गया है कि भारत में उत्पादन घटने से दलहनों का आयात आगे तेजी से बढ़ सकता है।
महाराष्ट्र और कर्नाटक तुवर के दो शीर्ष उत्पादक राज्य हैं जहां इस वर्ष भयंकर सूखा पड़ने से फसल की हालत अस्त-व्यस्त हो गई है। राष्ट्रीय स्तर पर खरीफ सीजन के इस सबसे महत्वपूर्ण दलहन का उत्पादन घटकर महज 20-25 लाख टन पर सिमट जाने की आशंका है जो कुल घरेलू वार्षिक मांग का महज 20-25 लाख टन पर सिमट जाने की आशंका है जो कुल घरेलू वार्षिक मांग का महज 50 प्रतिशत है।
उड़द एवं मूंग का उत्पादन भी प्रतिकूल मौसम से प्रभावित हुआ है। रबी कालीन दलहन फसलों और खासकर चना की बिजाई की स्थिति उत्साहवर्धक नहीं है। घरेलू बाजार में आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के लिए सरकार को फौरन अपने स्टॉक से तुवर की बिक्री शुरू करनी पड़ेगी। विदेशों से होने वाले आयात पर निर्भर रहना न्यायोचित नहीं होगा।