Home News
21-Nov-2026 11:12 AM
नई दिल्ली। लम्बे समय तक एक निश्चित सीमा में घूमते रहने के बाद जीरा का भाव अब हाजिर एवं वायदा बाजार में तेज होने लगा है। दरअसल गुजरात और राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में जीरे की बिजाई के लिए मौसम परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं।
महत्वपूर्ण उत्पादक क्षेत्रों में मानसून सीजन के दौरान और उसके बाद भी वर्षा का अभाव होने से मिटटी में नमी की कमी हो गई है जिससे जीरे की बिजाई की गति काफी धीमी देखी जा रही है। चूंकि जीरे की अधिकांश खेती वर्षा पर आश्रित क्षेत्रों में होती है इसलिए बारिश की कमी का असर इसकी बिजाई पर पड़ने की आशंका है।
जीरा का हाजिर स्टॉक कम बताया जा रहा है जबकि इसकी घरेलू एवं निर्यात मांग मजबूत रहने की संभावना है। पिछले कुछ महीनों के दौरान इसके वायदा मूल्य में अच्छी तेजी आई है और जिस तरह के हालात बन रहे हैं उससे पता चलता है कि आगामी समय में भी इसका दाम काफी हद तक मजबूत रह सकता है।
पिछले दिनों जीरा दिसम्बर अनुबंध मूल्य बढ़कर 28,000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर निकल गया। जबकि आगे यदि यह और भी बढ़कर 32,000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच जाये तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी।