Home News

दक्षिणी राज्यों में समुद्री तूफान के साथ जोरदार बारिश का अनुमान

26-Oct-2026 10:36 AM

दक्षिणी राज्यों में समुद्री तूफान के साथ जोरदार बारिश का अनुमान

तिरुअनन्तपुरम। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर तक भयंकर समुद्री चक्रवाती तूफान का निर्माण हो रहा है जो 27-28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश एवं उड़ीसा के तट से टकरा सकता है।

इस बीच तमिलनाडु, पांडिचेरी, केरलम तथा कराईकल में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। आगामी समय में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना एवं उड़ीसा में दूर-दूर तक तूफानी वर्षा होने की संभावना है। समुद्री चक्रवाती तूफान का ज्यादा असर आंध्र प्रदेश के तटवर्ती क्षेत्रों और यानम पर पड़ने की आशंका है। 

मौसम विभाग आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों में च्रकवती तूफान एवं जोरदार बारिश की चेतावनी पहले ही जारी कर चुका है। उसका कहना है कि 27 अक्टूबर को तूफान अपने भयंकर रूप में आंध्र प्रदेश में प्रवेश कर सकता है और 28 अक्टूबर को तेलंगाना में भी बारिश हो सकती है।

समुद्री तूफान का असर उड़ीसा पर भी पड़ने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के पश्चिमी तथा मध्यवर्ती भाग में समुद्र की लहरें काफी ऊंची तथा उग्र होने का अनुमान है। मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 

बंगाल की खाड़ी के ऊपर जो कम दाब का क्षेत्र बना था वह अत्यन्त सघन होकर पूर्ण डिप्रेसन में बदल गया है और अब इसके आगे बढ़कर भारत के पूर्वी तटवर्ती क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है। यह खतरनाक चक्रवाती तूफान विनाशकारी साबित हो सकता है लेकिन इससे होने वाली भारी वर्षा रबी फसलों की बिजाई में अच्छी सहायता प्रदान कर सकती है।