तिरुपुर में भारी वर्षा मूंगफली की खेती के लिए उपयोगी

23-May-2024 05:54 PM

तिरुपुर । तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में हाल के दिनों में हुई भारी बारिश से जहां एक ओर सूखे का संकट कम हुआ है वहीँ दूसरी तरफ मूंगफली, ज्वार तथा बाजरा जैसी फसलों की पैदावार के लिए माहौल भी अनुकूल हो गया है।

इसमें तिरुपुर जिला भी शामिल है जहां पिछले कुछ दिनों के अंदर काफी अच्छी बारिश हुई है। इससे खेतों की मिटटी में नमी का अंश बढ़ गया है। इससे पूर्व लम्बे समय से वहां वर्षा का अभाव होने से खेत सूख गए थे जिससे किसानों की चिंता काफी बढ़ गई थी। 

तमिलनाडु से किसानों को अब खरीफ फसलों की बिजाई हेतु अपने खेतों को तैयार करने में ज्यादा कठिनाई नहीं होगी। तिरुपुर जिले में मूंगफली एवंम ज्वार-बाजरा के बीज की बिक्री में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि किसान इन फसलों की खेती के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं।

जून के पहले या दूसरे सप्ताह से अमरावती तथा तिरुमूर्ति बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने की संभावना है जिससे यह निश्चित हो सकेगा कि खरीफ फसलों को नियमित अंतराल पर सिंचाई के लिए पानी मिलता रहेगा। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अविनाशी, तिरुपुर तथा उथुकूली प्रखंडों में जल्दी ही मूंगफली की बिजाई जोर पकड़ने की संभावना है।

उथुकूली  प्रखंड में मूंगफली, लोबिया, तुवर तथा उड़द के बीज का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है ताकि किसानों की जरूरतों को पूरा करना आसान हो। टैंकों एवं तालाबों में पानी भरने से खरीफ फसलों की बिजाई में दिक्कत नहीं होगी।

स्वयं जिलाधीश द्वारा स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है। 22 मई के सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में अमरावती डैम में 120 मि०मी० तथा तिरुमूर्ति बांध में 143 मि०मी० की भारी वर्षा हुई।