साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली
02-May-2026 08:04 PM
सामान्य आवक एवं सीमित कारोबार से मूंगफली में उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों- गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश आदि में मूंगफली की आवक 25 अप्रैल- 1 मई वाले सप्ताह के दौरान सामान्य से कम हुई। गुजरात की राजकोट मंडी में रोजाना 6 से 10 हजार बोरी मूंगफली की आपूर्ति हुई और वहां भाव 6000/9000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा।
राजस्थान
इसी तरह राजस्थान के बीकानेर में भी 7500 रुपए प्रति क्विंटल के मूल्य स्तर में कोई बदलाव नहीं देखा गया लेकिन महाराष्ट्र के सोलापुर में मूंगफली का मूल्य 700 रुपए उछलकर 8200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में झांसी एवं महोबा मंडी में मूंगफली का दाम क्रमश: 400 रुपए एवं 200 रुपए घट गया लेकिन मऊरानीपुर में 600 रुपए बढ़कर 6600/7200 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली दाने का कारोबार महाराष्ट्र में बेहतर होने से भाव सोलापुर में 500-600 रुपए प्रति क्विंटल तथा नागपुर में 300-500 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। वहां मिलर्स के साथ-साथ निर्यातकों द्वारा भी इसकी खरीद में अच्छी सक्रियता दिखाई गई।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल का कारोबार कहीं बेहतर तो कहीं सुस्त रहा। गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जाम नगर में मजबूती मांग के कारण मूंगफली तेल का दाम 25 रुपए सुधरकर 1600 रुपए प्रति 10 किलो हो गया लेकिन 15 किलो वाले तेलिया टीन का दाम 25 रुपए घट गया। अहमदाबाद, मुम्बई, बीकानेर, नेवाई / टोंक, चेन्नई तथा हैदराबाद में भी मूंगफली तेल प्रति 10 किलो पर 10-30 रुपए नरम पड़ गया।
ब्रांडेड तेल
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल 2850 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर तेल की कीमतों में 2-4 रुपए प्रति किलो की नरमी दर्ज की गई।
