साप्ताहिक समीक्षा- चीनी

02-May-2026 07:52 PM

कम कोटे की प्रतिक्रिया में चीनी का भाव तेज 

नई दिल्ली। लम्बे समय तक स्थिर या नरम रहने के बाद 25 अप्रैल से 1 मई वाले सप्ताह के दौरान चीनी के हाजिर भाव एवं मिल डिलीवरी मूल्य में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई और टेंडर मूल्य भी ऊंचा हो गया। सरकार ने मई माह के लिए 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत किया है जिसे बाजार के लिए अनुकूल माना जा रहा है। यद्यपि यह कोटा 1 मई से प्रभावी हुआ मगर इसके बारे में उद्योग- व्यापार क्षेत्र को 3-4 दिन पहले ही सूचना मिल गई थी।
मिल डिलीवरी भाव  
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वी उत्तर प्रदेश में 75 रुपए प्रति क्विंटल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 60 रुपए पंजाब में 80 रुपए, मध्य प्रदेश में 35 रुपए, बिहार में 90 रुपए तथा गुजरात में 30-35 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। यह तेजी फिलहाल कम कोटे की प्रतिक्रिया का परिणाम है जबकि आगामी समय में चीनी का भाव इसकी मांग एवं आपूर्ति के समीकरण पर निर्भर रहेगा।
हाजिर भाव  
जहां तक हाजिर बाजार का सवाल है तो चीनी का दाम दिल्ली में 4350/4450 रुपए प्रति क्विंटल के पुराने स्तर पर स्थिर रहा मगर इंदौर में 50 रुपए बढ़कर 4200/4300 रुपए प्रति क्विंटल, रायपुर में 75 रुपए बढ़कर 4125/4200 रुपए प्रति क्विंटल तथा कोलकाता में 150 रुपए उछलकर 4350/4425 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
मुम्बई 
मुम्बई (वाशी मार्केट) में चीनी का दाम 20 रुपए सुधरकर 3890/4090 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा और नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य भी 20 रुपए की वृद्धि के साथ 3840/4040 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
टेंडर 
महाराष्ट्र में चीनी के टेंडर मूल्य में 40 से 60 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी रही। इससे मिलर्स को कुछ राहत मिली। 
उत्पादन 
चीनी के उत्पादन का सीजन लगभग समाप्त हो चुका है। पिछले साल की तुलना में इस बार उत्पादन में 7 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।