ऑस्ट्रेलियाई गेहूं के निर्यात मूल्य में भारी तेजी
26-Aug-2026 01:44 PM
सिडनी। काला सागर क्षेत्र में घमासान युद्ध जारी रहने के कारण रूस तथा यूक्रेन से गेहूं के निर्यात शिपमेंट में भारी बाधा पड़ रही है। इससे वैश्विक बाजार में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की आपूर्ति घटने लगी है जबकि आयातक देशों की मांग मजबूत बनी हुई है। ऑस्ट्रेलियाई गेहूं का निर्यात ऑफर मूल्य तेजी से बढ़कर गत तीन साल के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया है।
रूस दुनिया में गेहूं का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है जबकि यूक्रेन भी इसके महत्वपूर्ण निर्यातक देशों में शामिल है इन दोनों देशों से एशियाई बाजारों में गेहूं की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ऑस्ट्रेलिया से गेहूं का सर्वाधिक निर्यात चीन सहित दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में होता है। इंडोनेशिया, मलेशिया, वियतनाम, थाईलैंड, जापान, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस और म्यांमार में ऑस्ट्रेलिया से बड़े पैमाने पर गेहूं का आयात किया जाता है।
बांग्ला देश की स्थिति थोड़ी अलग है। वह ऑस्ट्रेलिया के बजाए रूस से गेहूं के आयात को प्राथमिकता देता है। फिलहाल चूंकि रूस से शिपमेंट में बाधा पड़ रही है और ऑस्ट्रेलियाई अनाज का भाव काफी ऊंचा हो गया है इसलिए बांग्ला देश अब भारतीय गेहूं की तरफ आकर्षित हो सकता है।
भारत से गेहूं के निर्यात को नियंत्रण मुक्त कर दिया गया है। 24 अगस्त को प्रोटीन की गारंटी के बगैर ऑस्ट्रेलियन स्टैंडर्ड व्हाइट गेहूं का फ्री ऑन बोर्ड निर्यात ऑफर मूल्य बढ़कर 291 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया जो 6 जुलाई की तुलना में 25 डॉलर प्रति टन ऊंचा था।
