Home News
13-Nov-2026 10:49 AM
ब्रिसबेन। सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान ऑस्ट्रेलिया से करीब 16.58 लाख टन मसूर का शानदार निर्यात हुआ जो 2022-23 सीजन के रिकॉर्ड शिपमेंट 17.30 लाख टन के बाद दूसरा सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कनाडा के बाद ऑस्ट्रेलिया दुनिया में मसूर का दूसरा सबसे प्रमुख निर्यातक देश है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर-दिसम्बर 2025 की तिमाही में 5.45 लाख टन, जनवरी-मार्च 2026 की तिमाही में 5.40 लाख टन तथा अप्रैल-जून 2026 की तिमाही में 2.25 लाख टन मसूर का निर्यात हुआ जबकि जुलाई 2026 में 87 हजार टन, अगस्त में 1.10 लाख टन तथा सितम्बर 2026 में 1.49 लाख टन का शिपमेंट हुआ।
2026-27 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में मसूर का शानदार (संभवतः रिकॉर्ड) उत्पादन होने का अनुमान है क्योंकि एक तो इसके बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई और दूसरे न्यू साउथ वेल्स तथा क्वींसलैंड जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में मौसम तथा वर्षा की स्थिति काफी हद तक फसल के अनुकूल रही। इससे उपज दर में सुधार आने के संकेत मिल रहे हैं। नई फसल की जोरदार कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है।