मक्का का उत्पादन बेहतर होने से एथनॉल निर्माताओं को अधिक स्टॉक मिलना संभव
30-May-2025 07:36 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने अपने तीसरे अग्रिम अनुमान में 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान मक्का का कुल घरेलू उत्पादन बढ़कर 422.80 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है जो 2023-24 सीजन के सकल उत्पादन 376.60 लाख टन से 46.20 लाख टन ज्यादा है।
इसी तरह पोषक अनाज (श्री अन्न) का उत्पादन भी 2023-24 सीजन के 175.70 लाख टन से 4.40 लाख टन बढ़कर 2024-25 के सीजन में 180.10 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद व्यक्त की गई है।
पोषक अनाज या श्री अन्न की श्रेणी में ज्वार, बाजरा, रागी एवं जौ आदि शामिल है। कृषि मंत्रालय के उपरोक्त आंकड़ों में खरीफ, रबी एवं जायद सीजन का उत्पादन शामिल है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के दौरान खरीफ सीजन में 248.40 लाख टन, रबी सीजन में 136.00 लाख टन तथा जायद सीजन में 38.20 लाख टन सहित कुल 422.80 लाख टन मक्का का रिकॉर्ड उत्पादन होने का अनुमान है।
इससे घरेलू प्रभाग में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ेगी और अनाज आधारित डिस्टीलरीज को एथनॉल निर्माण के लिए अधिक मात्रा में कच्चा माल (मक्का) उपलब्ध हो सकेगा।
सरकार इन डिस्टीलरीज को पहले से ही 2250 रुपए प्रति क्विंटल के रियायती मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में चावल का स्टॉक उपलब्ध करवा रही है।
यदि सरकारी उत्पादन आंकड़ा सही बैठता है तो एथनॉल निर्माताओं को मक्का से अपने उत्पाद का उत्पादन बढ़ाने में अच्छी सहायता मिल सकती है जिससे सभी पक्षों को राहत मिलेगी।
इस बीच केन्द्र सरकार ने मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2024-25 सीजन के 2225 रुपए प्रति क्विंटल से 175 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित कर दिया है।
नया समर्थन मूल्य मक्का की आगामी खरीफ कालीन फसल से प्रभावी हो जाएगा जिसकी आवक अक्टूबर से आरंभ होगी। अभी इस मक्का की बिजाई शुरू होने वाली है।