Home News
24-Nov-2026 04:36 PM
मुम्बई। देश के एक अग्रणी कृषि उत्पादक राज्य- महाराष्ट्र में भयंकर सूखा पड़ने से खरीफ फसलों को जबरदस्त नुकसान हुआ है और इसके उत्पादन में भारी गिरावट आने की संभावना है। राज्य कृषि विभाग द्वारा खरीफ फसलों के उत्पादन का जो पहला अग्रिम अनुमान जारी किया गया है उससे पता चलता है कि 2025-26 सीजन की तुलना में 2026-27 के दौरान महाराष्ट्र चावल एवं मोटे अनाजों का संयुक्त उत्पादन 74.47 लाख टन से घटकर 41.62 लाख टन,
दलहनों का उत्पादन 16.53 लाख टन से लुढ़ककर 6.95 लाख टन, तिलहनों का उत्पादन 50.33 लाख टन से घटकर 22.59 लाख टन, गन्ना का उत्पादन 1316.49 लाख टन से घटकर 1015.15 लाख टन तथा कपास (रूई) का उत्पादन 79.53 लाख गांठ से लुढ़ककर 45.85 लाख गांठ पर सिमट सकता है।
2025-26 की खरीफ फसलों के अंतिम उत्पादन के मुकाबले इस बार महाराष्ट्र में चावल का उत्पादन 29.49 लाख टन से घटकर 24.62 लाख टन तथा मक्का का उत्पादन 39.59 लाख टन से लुढ़ककर 14.46 लाख टन पर अटक जाने का अनुमान है। इसके अलावा वहां ज्वार, बाजरा एवं रागी की पैदावार में भी गिरावट आने की संभावना है।
दलहनों फसलों के संवर्ग में पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान महाराष्ट्र में अरहर (तुवर) का उत्पादन 12.16 लाख टन से लुढ़ककर 5.38 लाख टन, उड़द का उत्पादन 2.38 लाख टन से घटकर 63 हजार टन तथा मूंग का उत्पादन 1.28 लाख टन से गिरकर 49 हजार टन रह जाने का अनुमान है।
इसी तरह तिलहन फसलों में वहां समीक्षाधीन अवधि के दौरान सोयाबीन का उत्पादन 48.42 लाख टन से लुढ़ककर 21.20 लाख टन, मूंगफली का उत्पादन 1.92 लाख टन से गिरकर 1.33 लाख टन तथा सूरजमुखी का उत्पादन 6 हजार टन से फिसलकर 3 हजार टन रह जाने का अनुमान है।
यद्यपि पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष कुछ खरीफ फसलों के बिजाई क्षेत्र में थोड़ी-बहुत बढ़ोत्तरी हुई मगर बारिश के अभाव एवं ऊंचे तापमान के कारण अधिकांश क्षेत्र में फसल काफी हद तक बर्बाद हो गई।