Home News

अच्छी निर्यात मांग के सहारे कनाडा में मटर का भाव मजबूत रहने के आसार

24-Sep-2026 03:23 PM

अच्छी निर्यात मांग के सहारे कनाडा में मटर का भाव मजबूत रहने के आसार

विनीपेग। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पिछले कुछ दिनों से हल्के कारोबार के साथ मटर का भाव एक निश्चित सीमा में लगभग स्थिर बना हुआ है। फसल की कटाई लगभग पूरी होने वाली है। बेमौसमी वर्षा से मटर की क्वालिटी आरम्भिक रूप से प्रभावित हुई है। 

वर्तमान समय में सस्कैचवान राज्य की मंडियों में सामान्य श्रेणी की पीली मटर का भाव 8.00 डॉलर प्रति बुशेल एवं हरी मटर का दाम 8.50 डॉलर प्रति बुशेल एफओबी फार्म आधार पर चल रहा है जबकि इसकी सर्वोत्तम क्वालिटी वाले माल का मूल्य क्रमश: 8.50 डॉलर प्रति बुशेल एवं 9.00 डॉलर प्रति बुशेल बताया जा रहा है। कुछ खरीदार मापले मटर की लिवाली में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। 

चीन के आयातक कनाडाई मटर की खरीद कर रहे हैं जबकि भारत के खरीदारों की सक्रियता भी बनी हुई है। चीन में वर्ष 2026 के दौरान कनाडा की मटर का कुल आयात बढ़कर 10 लाख टन से ऊपर पहुंच जाने की उम्मीद है।

कनाडा में कम बिजाई एवं मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण इस बार मटर के उत्पादन में भारी गिरावट आने की संभावना है लेकिन अत्यन्त ऊंचे पिछला बकाया स्टॉक के कारण इसकी कुल उपलब्धता में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। असली समस्या क्वालिटी की है जो इसके निर्यात तथा मूल्य का निर्धारण करेगी।