Home News

कर्नाटक में गन्ना किसानों का आंदोलन स्थगित

22-Oct-2026 12:07 PM

कर्नाटक में गन्ना किसानों का आंदोलन स्थगित

मैसूर। दक्षिण भारत के सबसे प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य- कर्नाटक में गन्ना किसानों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है और केन्द्र सरकार को किसानों की मांगों को स्वीकार करने के लिए 26 नवम्बर तक का समय दिया गया है। किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में बढ़ोत्तरी करना और चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) बढ़ाना शामिल है। 

केन्द्रीय खाद्य मंत्री एवं किसान संगठन के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के बाद आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया इससे चीनी मिलों ने भी राहत की सांस ली क्योंकि किसान आंदोलन की वजह से चीनी मिलों को गन्ना की आपूर्ति में भारी बाधा पड़ने की आशंका थी। 

गन्ना किसानों की समस्याओं एवं शिकायतों के निपटारे के लिए उपाय सुझाने हेतु सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। किसानों का कहना है कि लागत खर्च में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए सरकार को गन्ना का एफआरपी बढ़ाकर 4500-5500 रुपए प्रति टन के बीच नियत करना चाहिए। इसी तरह चीनी का एक्स फैक्टरी न्यूनतम बिक्री मूल्य भी बढ़ाकर 6000 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की जा रही है जो फिलहाल 3100 रुपए प्रति क्विंटल है। केन्द्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ना का एफआरपी 3650 रुपए प्रति टन नियत किया है।