कर्नाटक में 1.39 लाख टन चना की खरीद के प्रस्ताव को केन्द्र की स्वीकृति

20-Feb-2024 03:19 PM

बंगलोर । केन्द्र सरकार ने कर्नाटक में मूल्य समर्थन योजना (पीएमएस) के तहत 2023-24 के वर्तमान रबी सीजन में किसानों से 1.39 लाख टन चना की खरीद के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।

इसके अलावा केन्द्र ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए कर्नाटक सरकार को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 235.14 करोड़ रुपए की तीसरी क़िस्त भी जारी कर दी है।

एक केन्द्रीय मंत्री के अनुसार चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) इस बार 5440 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है और इसी दर से कर्नाटक में 1,39,700 टन चना की खरीद की स्वीकृति दी गई है।

हालांकि इस राज्य में चना की फसल इस बार कमजोर है और इसके बिजाई क्षेत्र में भी कमी आई है लेकिन फिर भी वहां इसका अधिशेष उत्पादन होने के आसार हैं। 

केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री के अनुसार राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत कर्नाटक के लिए 25 जनवरी को 178.65 करोड़ रुपए का अतिरिक्त आवंटन किया गया था।

इसके साथ ही आवंटन की कुल राशि बढ़कर 791.89 करोड़ रुपए हो गई जो आरंभिक आवंटन 583.24 करोड़ रुपए से काफी अधिक है। इसमें से केन्द्र द्वारा अब तक लगभग 526.75 करोड़ रुपए का फंड जारी किया जा चुका है। शेष बची राशि भी कर्नाटक को जल्दी ही जारी की जा सकती है।

कर्नाटक देश में चना के प्रमुख उत्पादक राज्यों में शामिल है। वर्ष 2023 के दौरान मानसून की बारिश कम होने से राज्य में सूखे का संकट बना रहा जिससे खरीफ फसलें प्रभावित हुई थी और फिर रबी सीजन में चना सहित कुछ अन्य फसलों का रकबा घट गया। प्रतिकूल मौसम के कारण राज्य में चना की औसत उपज दर में 15-20 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना है।