Home News

कमजोर मांग से लेमन एवं देसी अरहर में नरमी, अफ्रीकी अरहर के भाव स्थिर

25-Nov-2026 06:38 PM

कमजोर मांग से लेमन एवं देसी अरहर में नरमी, अफ्रीकी अरहर के भाव स्थिर

दाल मिलों की कमजोर खरीदारी के चलते घरेलू बाजार में लेमन एवं देसी अरहर की कीमतों में नरमी का रुख दर्ज किया गया, जबकि अफ्रीकी देशों से आयातित अरहर के भाव स्थिर बने रहे। बाजार जानकारों के अनुसार, पिछले सप्ताह बर्मा में लेमन अरहर की कीमतों में तेजी आई थी, जिससे आयात पड़ता महंगा हो गया है। इसके बावजूद घरेलू बाजार में दाल मिलों की कमजोर मांग के कारण कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

घरेलू उत्पादक मंडियों में नई अरहर की छिटपुट आवक शुरू हो गई है, लेकिन आवक का वास्तविक दबाव अगले महीने के मध्य तक बनने की संभावना है। वहीं, उद्योग एवं सरकार के अरहर उत्पादन अनुमानों में काफी अंतर बना हुआ है। उत्पादन को लेकर अनिश्चितता के कारण बाजार में बड़ी गिरावट की धारणा फिलहाल मजबूत नहीं है। दूसरी ओर, आयातित अरहर की खेप नियमित रूप से आती रहेगी। हालांकि, खपत का सीजन शुरू होने के कारण आने वाले समय में अरहर दाल की मांग में भी सुधार की उम्मीद है। इससे बाजार को कुछ समर्थन मिल सकता है।

बाजार विश्लेषण: नई फसल की आवक बढ़ने से निकट अवधि में अरहर की कीमतों पर दबाव रहने की संभावना है। हालांकि, महंगे आयात पड़ते, उत्पादन अनुमानों में अनिश्चितता और खपत सीजन की संभावित मांग को देखते हुए बाजार में एकतरफा बड़ी गिरावट के आसार फिलहाल कम हैं। आगे बाजार की दिशा नई फसल की आवक, दाल मिलों की खरीदारी और आयातित माल की उपलब्धता पर निर्भर करेगी।