Home News

कमजोर ग्राहकी और आयातित माल की बढ़ती उपलब्धता से तुवर में गिरावट, आगे बड़ी मंदी की संभावना कम

18-Nov-2026 06:29 PM

कमजोर ग्राहकी और आयातित माल की बढ़ती उपलब्धता से तुवर में गिरावट, आगे बड़ी मंदी की संभावना कम

ग्राहकी शांत बनी रहने तथा तुवर दाल में मांग का अभाव होने से तुवर बाजार में आज भी कमजोरी का रुख रहा। दाल मिलर्स की लिवाली सीमित बनी हुई है, जिसके चलते आयातित तुवर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। पोर्ट पर लेमन, अफ्रीकन एवं अन्य किस्मों की तुवर की उपलब्धता बढ़ने से बाजार में मंदी का माहौल है। हालांकि, उत्पादक मंडियों में तुवर की आवक नगण्य बनी हुई है तथा मंडियों में स्टॉक भी कमजोर है। महाराष्ट्र की उत्पादक मंडियों में नई तुवर की छिटपुट आवक शुरू हो गई है, लेकिन आवक का वास्तविक दबाव दिसंबर माह में देखने को मिल सकता है।

वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए तुवर की कीमतों में बड़ी गिरावट की संभावना कम दिखाई दे रही है। यदि दाल मिलर्स की मांग निकलती है तो कीमतों में दोबारा तेजी आ सकती है।

आयातित तुवर के भाव: कमजोर लिवाली के चलते आयातित तुवर की कीमतों में आज ₹100 प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ चेन्नई लेमन के भाव ₹9,550, मुंबई मोजांबिक सफेद ₹8,100/8,650, गजरी ₹8,100/8,650, मटवारा ₹8,000/8,500 तथा मलावी ₹7,250/8,000 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।

देसी तुवर के भाव: देसी तुवर की कीमतों में भी ₹100/150 प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। इस मंदी के बाद अकोला में भाव ₹10,300/10,450, कानपुर ₹8,400, कटनी ₹10,500/10,550 तथा सोलापुर में 9,500/10,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।