जीरे के भाव मजबूत

01-Mar-2024 07:07 PM

नई दिल्ली । आज भी जीरे की कीमतों में सुधार रहा। हालांकि चालू सीजन के दौरान देश में जीरा उत्पादन गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के समाचार है। और अधिक उत्पादन के कारण जीरा की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

मगर भाव काफी घट जाने के कारण उत्पादक केन्द्रों की मंडियों में नए जीरे की आवक आशानुरूप नहीं हो रही है क्योंकि किसानों ने नीचे भावों पर बिकवाली रोक दी है। जिस कारण से आवक कम रह गई है।

इसके अलावा वायदा बाजार में भी जीरे की कीमतें मजबूती के साथ बोली जा रही है। जिस कारण से आज भी ऊंझा मंडी में जीरे की कीमतें 200/300 रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ बोली गई है।

एक अनुमान के अनुसार गत 3 दिनों के दौरान जीरे की हाजिर दामों में 800/1000 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई है। वायदा बाजार में भी आज मार्च माह का जीरा 640 रुपए एवं अप्रैल का 285 रुपए तेजी के साथ बंद हुआ है।

अधिक पैदावार के कारण हाल-फिलहाल जीरा कीमतों में अधिक तेजी संभव नहीं है।