एमएसपी पर किसानों से 525 लाख क्विंटल कपास की खरीद

09-Apr-2025 11:34 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में राष्ट्रीय स्तर पर किसानों से 525 लाख क्विंटल कपास (बिनौला मुक्त रूई) की खरीद की जा चुकी है जो 100 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) के समतुल्य है। मूल्य समर्थन योजना के तहत कपास की यह खरीद 31 मार्च 2025 तक की गई। 

केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी गई इस कपास के एवज में किसानों के बैंक खाते में 37,450 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया गया।

इससे लगभग 21 लाख किसानों को फायदा हुआ। 2024-25 सीजन के लिए कपास की न्यूनतम समर्थन मूल्य मध्यम रेशे वाली श्रेणी के लिए 7121 रुपए प्रति क्विंटल तथा लम्बे रेशवाली किस्मों के लिए 7521 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। 

केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मौजूदा सीजन के दौरान 294.25 लाख गांठ कपास के उत्पादन का अनुमान लगाया है। अक्टूबर 2024 से मार्च 2025 के दौरान घरेलू मंडियों में 263 लाख गांठ कपास की आवक हुई।

इस तरह कपास की सरकारी खरीद कुल उत्पादन की 34 प्रतिशत और सकल आवक की 38 प्रतिशत रही। कपास की सरकारी खरीद अब भी जारी है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कपास की सर्वाधिक करीब 40 लाख गांठ की खरीद तेलंगाना में की गई जबकि महाराष्ट्र में लगभग 30 लाख गांठ तथा गुजरात में 14 लाख गांठ कपास की खरीद हुई।

इसके अलावा कर्नाटक में 5 लाख गांठ, मध्य प्रदेश में 4 लाख, आंध्र प्रदेश में भी 4 लाख, उड़ीसा में 2 लाख तथा उत्तरी जोन (पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान) में 1.15 लाख गांठ कपास खरीदी गई।

इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान देश के सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में कपास का भाव एमएसपी से नीचे रहा। 

किसानों से एमएसपी पर कपास की खरीद के लिए सीसीआई द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कुल 508 क्रय केन्द्र खोले गए हैं और कई क्रय केन्द्र अभी क्रियाशील हैं।