Home News
28-Oct-2026 12:42 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने समुद्री चक्रवाती तूफान- अर्नब (या अर्णब) के प्रभाव से देश के नौ राज्यों में भारी से लेकर अत्यन्त भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इसमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश (पूर्वी भाग) एवं पांडीचेरी शामिल है।
इन सभी राज्यों में धान की फसल फिलहाल प्रगति के महत्वपूर्ण चरण में है और उसमें दाना लगने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। अगले एक माह के अंदर वहां धान की कटाई-तैयारी आरंभ होने वाली है। यदि तेज तूफान के साथ भारी वर्षा का प्रकोप रहा तो इस फसल को नुकसान हो सकता है। पौधों से फूल और दाने झड़ सकते हैं तथा पौधे हवा के थपेड़ों के साथ जमीन पर गिर सकते हैं।
अर्नब तूफान का व्यापक असर इन प्रांतों में खरीफ फसलों पर पड़ने की संभावना है। कम तेज हवा एवं सामान्य वर्षा वाले क्षेत्रों में धान की फसल को फायदा होने की उम्मीद है।
ध्यान देने की बात है कि जिन प्रांतों में तूफान का सर्वाधिक असर पड़ने की संभावना है वे दलहन-तिलहन फसलों के शीर्ष उत्पादक राज्यों में शामिल नहीं हैं। लेकिन इसमें से कुछ राज्यों में कपास तथा कुछ अन्य प्रांतों में गन्ना की अच्छी खेती होती है। बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और बिहार धान के अग्रणी उत्पादक राज्यों में सम्मिलित हैं। इसमें आंध्र प्रदेश भी शामिल है।