Home News

खाद्य तेलों के आयात खर्च में 24 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी

20-Nov-2026 03:56 PM

खाद्य तेलों के आयात खर्च में 24 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी

नई दिल्ली। भारत पिछले अनेक वर्षों से न केवल दुनिया में खाद्य तेलों का सबसे बड़ा आयातक देश बना हुआ है बल्कि यहां इसका आयात तेजी से बढ़कर नए-नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचता भी जा रहा है। इसके फलस्वरूप आयात खर्च में जोरदार बढ़ोत्तरी हो रही है। 

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि 2024-25 की तुलना में 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के दौरान भारत में खाद्य तेलों का सकल आयात 160.10 लाख टन से करीब 6 प्रतिशत या 9.10 लाख टन बढ़कर 169.20 लाख टन पर पहुंच गया।

लेकिन अंतर्राष्ट्रीय बाजार भाव ऊंचा एवं तेज रहने के कारण खाद्य तेलों के आयात पर होने वाला कुल खर्च 1.61 लाख करोड़ रुपए के करीब 24 प्रतिशत उछलकर 2.00 लाख करोड़ रुपए (लगभग 21 अरब डॉलर) को पार कर गया। इससे राजकोष पर जबरदस्त दबाव पड़ना स्वाभाविक ही है। 

खाद्य तेलों का बढ़ता आयात गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है। इससे यह भी पता चलता है कि देश में खाद्य तेलों की मांग एवं खपत तो तेजी से बढ़ रही है मगर इसके अनुरूप घरेलू उत्पादन में इजाफा नहीं हो रहा है। मांग की तुलना में स्वदेशी स्रोतों से आपूर्ति कम होने के कारण विदेशी खाद्य तेलों के आयात पर देश की निर्भरता तेजी से बढ़ती जा रही है।

भारत को अपनी घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए विदेशों से 55-60 प्रतिशत खाद्य तेलों का आयात करना पड़ता है जिसमें पाम तेल, सोयाबीन तेल तथा सूरजमुखी तेल मुख्य रूप से शामिल है। इसे इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, अर्जेन्टीना, ब्राजील, रूस एवं यूक्रेन जैसे देशों से मंगाया जाता है।