Home News
19-Oct-2026 03:13 PM
सस्काटून। पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान कनाडा में न केवल मसूर की पैदावार काफी घट गई है बल्कि कटाई-तैयारी के समय हुई बेमौसमी वर्षा से दाने की क्वालिटी भी काफी हद तक खराब हो गई है।
वहां मसूर का भारी- भरकम पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है लेकिन उसकी क्वालिटी भी अच्छी नहीं बताई जा रही है। कनाडा में मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी लगभग समाप्त हो चुकी है और उत्पादक अब इसका वर्गीकरण करने में व्यस्त हैं जिसमें उसे भारी परेशानी हो रही है।
वैश्विक बाजार में कनाडाई मसूर की अच्छी मांग बनी हुई है और प्रोसेसर्स तथा निर्यातक मिलकर अल्पकालीन अनुबंधों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में मसूर फसल की जोरदार कटाई-तैयारी अभी शुरू नहीं हुई है जबकि रूस से इसके निर्यात में बाधा पड़ रही है।
दूसरी ओर कनाडा में न केवल फसल की कटाई लगभग पूरी हो गई है बल्कि वहां से इसका निर्बाध शिपमेंट भी हो रहा है। कनाडा में खासकर हरी मटर का श्रेणी करण करने में किसानों को दिक्कत आ रही है क्योंकि इसे बड़े दाने, मध्यम दाने एवं छोटे दाने में वर्गीकृत किया जाना है। कुल मिलाकर वहां मसूर का भाव मजबूत बना हुआ है।