Home News

आंध्र प्रदेश में फसल बीमा के दावे का निस्तारण करने का निर्देश

04-Nov-2026 12:05 PM

आंध्र प्रदेश में फसल बीमा के दावे का निस्तारण करने का निर्देश

अमरावती। अर्नब एवं मुरासु नामक भयंकर समुद्री चक्रवाती तूफानों से पीड़ित आंध्र प्रदेश में सरकार ने किसानों के फसल बीमा के दावे का निस्तारण जल्दी से जल्दी करने का निर्देश दिया है ताकि उत्पादकों की आर्थिक स्थिति बदतर होने से बच सके। 

उल्लेखनीय है कि इन दोनों तूफानों के साथ हुई जोरदार बारिश के कारण आंध्र प्रदेश में हजारों हेक्टेयर क्षेत्र में लगी खरीफ फसलों को भारी नुकसान हुआ है जिसमें धान, मक्का एवं कपास के साथ-साथ मसाला फसलें भी शामिल हैं।

इसके अलावा फलों एवं सब्जियों की फसल भी क्षतिग्रस्त हुई है। अकेले मुरासु तूफान से राज्य में 30 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि में फसलें बर्बाद होने का आरंभिक अनुमान है।

इससे पूर्व अर्नब तूफान से भी राज्य को करीब 46 अरब रुपए का भारी नुकसान होने की आशंका व्यक्त की गई थी। इससे किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। केन्द्र सरकार से सहायता की अपील की गई है। आंध्र प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तूफान का असर पड़ा है।