गुजरात में रबी फसलों की बिजाई की गति धीमी
14-Nov-2025 11:24 AM
अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में कुछ खास कारणों से रबी फसलों की बिजाई की गति पिछले सप्ताह तक धीमी रही लेकिन आगामी समय में इसकी रफ्तार बढ़ने के आसार हैं।
खरीफ फसलों की जोरदार कटाई होने से रबी फसलों की बिजाई के लिए खेत जल्दी-जल्दी खाली होने लगे हैं। अन्य अधिकांश राज्यों की भांति गुजरात में भी मौसम अनुकूल हो गया है और खेती के प्रति किसानों की सक्रियता बढ़ने लगी है।
10 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान गुजरात में रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 2.72 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका जो गत वर्ष की इसी अवधि के बिजाई क्षेत्र 3.09 लाख हेक्टेयर से 37 हजार हेक्टेयर पीछे था।
वहां गेहूं, मक्का और चना का क्षेत्रफल तो गत वर्ष से आगे रहा लेकिन सरसों, गन्ना तथा कुछ मसाला फसलों का रकबा घट गया।
उम्मीद की जा रही है कि सरसों की बिजाई शीघ्र ही जोर पकड़ेगी क्योंकि इसका भाव सरकारी समर्थन मूल्य से काफी ऊंचा चल रहा है।
गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 160 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाया गया है जिससे इसकी बिजाई में किसानों का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।
ज्ञात हो कि गुजरात चना, सरसों, जीरा, धनिया, सौंफ एवं ईसबगोल के महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में शामिल है। जीरा और धनिया की बिजाई गत वर्ष से आगे है मगर सौंफ एवं ईसबगोल का रकबा पीछे चल रहा है। इसमें आगे बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।
